“किच्छा चीनी मिल ने किया ₹8.80 करोड़ का गन्ना मूल्य भुगतान”
"अब तक का कुल भुगतान हुआ ₹13.55 करोड़"

किच्छा। गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की दिशा में किच्छा चीनी मिल ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मिल के अधिशासी निदेशक ए. पी. बाजपेयी ने जानकारी दी कि माननीय मुख्यमंत्री एवं माननीय गन्ना मंत्री द्वारा दिए गए स्पष्ट निर्देशों के क्रम में किच्छा चीनी मिल ने 23 नवंबर 2025 से 29 नवंबर 2025 तक खरीदे गए गन्ने का 8.80 करोड़ रुपये का भुगतान आज 02 दिसंबर 2025 को आरटीजीएस/एनईएफटी के माध्यम से गन्ना विकास समितियों—किच्छा, सितारगंज, हल्द्वानी तथा पंतनगर—के खातों में भेज दिया है।

इस भुगतान के साथ ही पेराई सत्र 2025-26 में 16 नवंबर 2025 से 29 नवंबर 2025 तक क्रय किए गए गन्ने का कुल 13.55 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों के लिए गन्ना समितियों (काउंसिलों) के माध्यम से उपलब्ध करा दिया गया है। अधिशासी निदेशक ने समितियों को निर्देशित किया कि वे हस्तांतरित राशि का भुगतान किसानों के खातों में तत्काल सुनिश्चित करें।
किच्छा चीनी मिल द्वारा अब तक 4.00 लाख कुन्तल गन्ने की पेराई की जा चुकी है। मिल को 8.52 प्रतिशत रिकवरी के साथ कुल 0.31 लाख कुन्तल चीनी का उत्पादन प्राप्त हुआ है, जो उत्पादन सत्र के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

अधिशासी निदेशक श्री बाजपेयी ने गन्ना किसानों से आग्रह किया कि वे मिल को अगौला, पत्ती रहित, ताज़ा एवं साफ-सुथरा गन्ना उपलब्ध कराएँ। इससे न केवल चीनी की बेहतर रिकवरी मिलेगी बल्कि उच्च गुणवत्ता की चीनी का उत्पादन भी संभव होगा। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि बुवाई सीजन में उच्च परता वाली गन्ना प्रजातियों का चयन करें और गन्ना विकास समितियों द्वारा भेजे गए एसएमएस के आधार पर ही गन्ना छिलाई व आपूर्ति सुनिश्चित करें।
किच्छा चीनी मिल द्वारा समय से भुगतान और पारदर्शिता के साथ उत्पादन प्रक्रिया संचालित किए जाने से क्षेत्र के गन्ना किसानों में संतोष और भरोसा बढ़ा है।


