“रुद्रपुर में बाजार में बैरिकेड हटाने को लेकर SSI और व्यापार मंडल अध्यक्ष के बीच नोकझोंक, व्यापारियों में रोष”
"व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कल अकेले धरने पर बैठने की घोषणा की है"



रुद्रपुर। शहर में आज दोपहर उस समय हंगामे के हालात बन गए जब बैरिकेट हटाने को लेकर SSI और रुद्रपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान SSI द्वारा व्यापारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश है।

घटना से क्षुब्ध होकर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने घोषणा की है कि वह गुरुवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक मुख्य बाजार स्थित बाटा चौक पर अकेले धरने पर बैठेंगे। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया है कि संपूर्ण बाजार सामान्य रूप से खुला रहेगा, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि व्यापारियों के सम्मान से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

“व्यापारी समाज शहर के विकास में अहम भूमिका निभाता है। अधिकारियों को भी सम्मानपूर्वक व्यवहार करना चाहिए। अभद्रता किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है।” – संजय जुनेजा, व्यापार मंडल अध्यक्ष
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जा सकती है।





