किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने अनाज मंडी पहुंचकर किसानों की पीड़ा सुनी
कहा—प्रशासन कर रहा किसानों की अनदेखी, बुधवार को करेंगे प्रदर्शन

किच्छा। मंगलवार को विधायक तिलक राज बेहड़ अपने समर्थकों के साथ नई अनाज मंडी किच्छा पहुंचे, जहां उन्होंने धान की तुलाई न होने से परेशान किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
किसानों ने बताया कि कई दिनों से वे मंडी में बैठे हैं, लेकिन धान की तुलाई शुरू नहीं हो रही। इस बीच हुई तेज बारिश और मंडी परिसर में जलभराव के कारण किसानों के धान को भारी नुकसान हुआ है, बावजूद इसके प्रशासन द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिया गया।

विधायक बेहड़ ने स्थिति का जायजा लेने के बाद जिला प्रशासन पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले सरकार ने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई, जिससे फसल उत्पादन प्रभावित हुआ, और अब जब किसान धान लेकर मंडी पहुंचे हैं तो उन्हें तुलाई और भुगतान के लिए परेशान किया जा रहा है। ऊपर से खराब मौसम ने उनकी परेशानी को और बढ़ा दिया है।
उन्होंने कहा कि किसानों को प्रशासन और सरकार की लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। किसानों की इस पीड़ा को लेकर वह बुधवार को प्रातः 11:30 बजे मंडी परिसर में किसानों, साथियों और क्षेत्रवासियों के साथ प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान धान की तत्काल तुलाई शुरू कराने और किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई जाएगी।
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालड़ा, नगर कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, गुलशन सिंधी, सुनीता कश्यप, धर्मेंद्र सिंधी, भानु सिंधी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।




