अंबेडकर चौक बंद कर बनाए गए दो नए कटों पर बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ ने जताई चिंता
जन सेवा संवाद में सुनीं क्षेत्रवासियों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए शीघ्र समाधान के निर्देश

किच्छा। अंबेडकर चौक को बंद कर उसके पास बनाए गए दो नए कटों पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग करते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण लोगों की जान खतरे में पड़ रही है और जल्द से जल्द ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाना आवश्यक है।

विधायक बेहड़ ने कहा कि बरेली रोड पर बनाए गए दो नए कटों के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। यह अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी कई बार प्रशासन से मांग की गई थी कि इस चौराहे को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप में विकसित किया जाए, वहां ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत की जाए तथा स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक लाइट लगाई जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि हर शहर में चौराहे होते हैं और वहां यातायात को व्यवस्थित करने के लिए उचित प्रबंधन किया जाता है, लेकिन यहां चौराहे को बंद कर आगे दोनों तरफ कट बना दिए गए हैं, जो दुर्घटनाओं को रोकने की बजाय उन्हें बढ़ाने का काम कर रहे हैं। आए दिन नौजवान अपनी जान गंवा रहे हैं, जो अत्यंत दुखद और चिंता का विषय है। विधायक बेहड़ ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि इस स्थान पर ट्रैफिक लाइट लगाई जाए, स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं तथा पूरे चौराहे को वैज्ञानिक तरीके से व्यवस्थित कर स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लग सके।

इसी क्रम में आयोजित जन सेवा संवाद कार्यक्रम के दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ ने क्षेत्रवासियों की विभिन्न समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में ग्राम नौगवां निवासी सुल्तान मोहम्मद सलाउद्दीन ने उनके खेत से गुजर रही 11 हजार केवी विद्युत लाइन को हटाकर बाहर शिफ्ट कराने की मांग रखी। ग्राम राघव नगर निवासी विजय नाथ ने विद्युत कनेक्शन से जुड़ी समस्या बताई, जबकि वार्ड नंबर 5 नानक नगर के निवासियों ने क्षेत्र में विद्युत पोल की समस्या से अवगत कराया।

इसके अतिरिक्त ग्राम राघव नगर और इंदरपुर के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग रखी, वहीं विकास कॉलोनी निवासी रोशनी ने राशन कार्ड से संबंधित समस्या विधायक के सामने रखी।
विधायक बेहड़ ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।



