विधायक बेहड़ ने पूर्व विधायक के रोड शो को बताया फ्लॉप शो
"विधायक बोले— हज़ारों का दावा, सैकड़ों में निपटा"

किच्छा। सिरौली कलां को अलग नगरपालिका बनाए जाने की मांग को लेकर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में निकाले गए रोड शो पर विधायक बेहड़ ने तीखा हमला बोला है। विधायक बेहड़ ने इस रोड शो को पूरी तरह से फ्लॉप शो करार देते हुए कहा कि जिन हजारों लोगों के जुटने का दावा किया गया था, वहां 500 लोग भी नहीं पहुंच पाए।
विधायक बेहड़ ने कहा कि एक सप्ताह तक तैयारी, घर-घर पर्चा वितरण और झूठे प्रचार के बावजूद जनता ने इस प्रदर्शन को नकार दिया। उन्होंने कहा कि किच्छा और सिरौली कला को अलग करने के मुद्दे पर किच्छा की जनता ने साफ संकेत दे दिया है कि वह इस तरह की भ्रामक राजनीति के साथ नहीं है।

विधायक बेहड़ ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पर तुष्टिकरण का आरोप लगाने वाले भाजपा नेता पहले अपने गिरेबान में झांकें। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा नेताओं द्वारा थूक जिहाद, लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसे नारों के सहारे वोट बटोरने का खेल खेला गया, जबकि कांग्रेस ने हमेशा सभी धर्मों और वर्गों को साथ लेकर चलने का काम किया है।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जिन नेताओं को भाजपा ने तीन-तीन बार टिकट दिया, उन्होंने इस प्रदर्शन में पार्टी का झंडा-बैनर तक नहीं लगाया। विधायक बेहड़ ने कहा कि यह प्रदर्शन भाजपा का नहीं बल्कि कुछ लोगों का निजी आयोजन था।
विधायक बेहड़ ने कहा कि जब मामला न्यायालय में विचाराधीन है, तब जनता को गुमराह कर सड़कों पर लाना हास्यास्पद है। उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किच्छा की जनता ने इस कथित आंदोलन को समर्थन न देकर कानून और संविधान में अपनी आस्था दिखाई है।
पूर्व विधायक पर हमला बोलते हुए बेहड़ ने कहा कि जो लोग दस वर्षों के कार्यकाल में न तो किसी मुस्लिम गांव में और न ही शहरी वार्डों में कोई ठोस विकास कार्य करा पाए, वे आज चुनाव हारने के बाद घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि किच्छा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेताओं ने भी इस प्रदर्शन से दूरी बनाई, क्योंकि न तो यह पार्टी का अधिकृत कार्यक्रम था और न ही इसमें पार्टी की पहचान दिखाई दी।



