“किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने ली, विकास योजनाओं की विभागीय समीक्षा बैठक”
"दिए विकास योजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश"

किच्छा। किच्छा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विधायक तिलक राज बेहड़ ने लोक निर्माण विभाग, उत्तराखंड अर्बन एस्टेट डेवलपमेंट प्राधिकरण (UUSDA), विद्युत विभाग एवं जल संस्थान के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें कर विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विधायक ने सभी लंबित और प्रभावित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।


विधायक बेहड़ ने बताया कि किच्छा नगर में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने के कारण कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इन सड़कों के पुनर्निर्माण को लेकर लोक निर्माण विभाग एवं UUSDA के बीच सहमति बनी है। प्रथम चरण में शहरी क्षेत्र की 8 प्रमुख क्षतिग्रस्त सड़कों का हॉट मिक्स से पुनर्निर्माण कराया जाएगा।
इन सड़कों में प्रमुख रूप से—
- पंचक्की फॉर्म नहर किनारे सुनहरा मार्ग,
- एनएच-74 से गोल्ज्यू मंदिर मार्ग,
- सिरौलीकला से दोपहरिया मार्ग (1.5 किमी),
- सुनैरा कैनाल मार्ग (बंगाली कॉलोनी) (1.5 किमी),
- देवरिया–चुकटी–आजादनगर मार्ग (1.5 किमी),
- बर्फ फैक्ट्री नहर से उत्तरांचल कॉलोनी होते हुए बंडिया पुल,
- सिरौलीकला गेट से रेलवे फाटक (1.5 किमी),
- पंजाबी सभा गुरुकुल स्कूल मार्ग शामिल हैं।
विधायक बेहड़ ने स्पष्ट किया कि UUSDA द्वारा प्रथम चरण में इन सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि द्वितीय चरण में अन्य क्षतिग्रस्त सड़कों को भी शामिल किया जाएगा।

बैठक के दौरान विधायक ने राज्य योजना के अंतर्गत बनी सड़कों के टूटने पर कड़ी नाराजगी जताई और लोक निर्माण विभाग को जर्जर सड़कों के शीघ्र निर्माण के निर्देश दिए। इस पर अधिशासी अभियंता ने मार्च-अप्रैल 2026 तक सभी टूटी सड़कों के निर्माण का आश्वासन दिया।

विधायक तिलक राज बेहड़ ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने दो टूक कहा कि किच्छा विधानसभा के विकास में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
“किच्छा का विकास लगातार जारी रहेगा, विकास के साथ कोई समझौता नहीं होगा। मैं पूर्ण रूप से किच्छा के विकास के लिए प्रतिबद्ध हूँ।”
– विधायक बेहड़
बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग गजेंद्र सिंह, सहायक अभियंता (UUSDA) पवन टोलिया, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग गोविंद बल्लभ भट्ट एवं विनोद चंद्र सनवाल, कनिष्ठ अभियंता (UUSDA) महेंद्र सिंह, कनिष्ठ अभियंता जल संस्थान मोहम्मद आसिफ, कनिष्ठ अभियंता विद्युत विभाग ओम कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



