किच्छा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को मिला सर्जन, जटिल उपचारों में मिलेगी राहत
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के निर्णय का किया स्वागत

किच्छा। सरदार वल्लभभाई पटेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से चली आ रही सर्जन की कमी अब दूर हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने यहां सर्जन डॉ. तौकीर अहमद की नियुक्ति कर दी है, जिससे गंभीर और जटिल उपचारों का इंतज़ार कर रहे मरीजों में खुशी की लहर है।

काफी समय से सर्जन का पद खाली होने के कारण ऑपरेशन से जुड़े मामलों में मरीजों को या तो दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था या उपचार में देरी का सामना करना पड़ रहा था। अब विशेषज्ञ सर्जन की तैनाती से स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर यह नियुक्ति की गई है। स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नियुक्ति सुनिश्चित कराने में स्वास्थ्य मंत्री के प्रतिनिधि अभिषेक सक्सेना की अहम भूमिका रही, जिन्होंने लगातार प्रयास कर किच्छा सीएचसी में सर्जन की तैनाती को प्राथमिकता दिलाई।

इस मौके पर खास बातचीत में अभिषेक सक्सेना ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशानुसार वे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन एवं जनहित में आवश्यक सुधार हेतु निरंतर प्रयासरत हैं आगे भी उनके द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जाएंगे।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे किच्छा क्षेत्र को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और मरीजों को समय पर उपचार का लाभ मिलेगा।

किच्छा सीएचसी में सर्जन की नियुक्ति को क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।


